चायल में ं48 प्रशिक्षु ने किया छह माह का प्रशिक्षण पूरा
वन प्रशिक्षण संस्थान चायल में दीक्षांत समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/चायल। वन प्रशिक्षण संस्थान चायल में वन रक्षकों के 73वें सत्र के दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें प्रधान मुख्य अरण्यपाल राजीव कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की जबकि अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल शोध एवं प्रशिक्षण लालनून साना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र 1 दिसंबर 2023 को शुरू हुआ था और 12 जून संपन्न हुआ। इसमें प्रदेश वन विभाग के 12 वन वृत्तों बिलासपुर, चंबा, धर्मशाला, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, नाहन, रामपुर, शिमला, सोलन, वन्य प्राणी धर्मशाला, एवं वन्य प्राणी शिमला के 48 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण पूरा किया। सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु का पुरस्कार ठियोग के नितिन ठाकुर को दिया गया। नितिन ठाकुर शैक्षणिक टॉपर रहे, जबकि द्वितीय स्थान पर कुल्लू के मोहर सिंह व तृतीय स्थान पर देहरा के नीरज शर्मा रहे। सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अश्विनी कुमार वन राजिक, तारा दत्त, रीना ठाकुर, वनिता भारद्वाज, उपवन राजिक, मोहित गौतम, संदीप कुमार, विशाली ठाकुर, बंधु शर्मा, अनुज कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इनसेट
यह भी बने विजेता
12 किलोमीटर की मैराथन दौड़ में प्रथम स्थान पर वन मंडल चंबा के महेश, द्वितीय स्थान पर वन मंडल देहरा के पियूष कौशल व तीसरे स्थान पर वन मंडल ठियोग के नितिन ठाकुर रहे। 6 किलोमीटर हाफ मैराथन दौड़ में प्रथम स्थान पर किन्नौर वन मंडल के मेलाराम, द्वितीय स्थान पर वन मंडल ऊना के राजेंद्र सिंह और तृतीय स्थान पर वन मंडल सुकेत के रितुराज रहे। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार वन प्राणी मंडल स्पीति के प्रवीण कुमार को दिया गया।
इनसेट
नियमों का करें पालन
मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में सभी प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नियम कानून का पालन करने की सीख दी। वन प्रशिक्षण संस्थान चायल के निदेशक बसु कौशल ने प्रशिक्षण सत्र की रिपोर्ट प्रस्तुत की। मंच संचालन का कार्य संयुक्त निदेशक वन प्रशिक्षण संस्थान चायल मोहित दत्ता ने किया।