नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा पैदल चल कर मलेहणी पंचायत के मलवान गांव में जाते हुए- स्रोत- प्रशासन
नालागढ़ के विधायक ने घर बनाने के लिए जमीन और मुआवजा देने का दिया आश्वासन
मलहेणी के मलवान गांव मलबा आने से मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं मकान
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। विधायक हरदीप बावा व एसडीएम नरेंद्र आहलुवालिया ने शनिवार को मलहेणी पंचायत के मलवान गांव का निरीक्षण किया। इस गांव में नौ परिवार रहते थे और सभी के मकान पहाड़ी से मलबा आने से क्षतिग्रस्त हो गए थे। वर्तमान में ये सभी प्रभावित परिवार मियांपुर में टेंट लगाकर ठंड में रहने को मजबूर हैं। विधायक ने पीड़ितों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सरकार की ओर से उन्हें मकान बनाने के लिए मुआवजा और सुरक्षित स्थानों पर जमीन दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि गांव के कई मकानों में मलबा न आने के बाद जमीन धंसने से बड़ी दरारें आ गई हैं, जिससे वहां रहना बेहद खतरनाक हो गया है। विधायक हरदीप बावा ने प्रभावित लोगों से अपील की है कि वे अभी किसी भी हाल में अपने पुराने घरों में वापस न जाएं। उन्होंने ने अधिकारियों को गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को जल्द खोलने के निर्देश भी दिए, जो मलबा आने से बंद पड़ा है। विधायक और अधिकारी खुद पैदल चलकर मौके पर पहुंचे थे। एसडीएम नरेंद्र आहलुवालिया ने प्रभावितों से कहा कि उनके सभी केस बनाकर मुआवजे और वैकल्पिक जमीन के लिए उच्च अधिकारियों को भेजे जाएंगे। इस दौरान नायब तहसीलदार कृष्ण चंद और पटवारी राज कुमार भी उपस्थित रहे।