दोपहिया व आपातकालीन वाहन के प्रवेश के लिए रहेगी छूट
त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था बनाए रखने को आदेश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। त्योहारी सीजन में आम जनता की सुविधा, कानून-व्यवस्था और सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने आदेश जारी किए हैं।
आदेशों के अनुसार, 11 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक रोपड़ और कालका चौक से मुख्य बाजार (मेन गेट) तक का क्षेत्र अस्थायी रूप से नो-पार्किंग जोन रहेगा। इस दौरान दोपहिया और आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। एसडीएम ने व्यापारियों और दुकानदारों को फुटपाथों व रास्तों पर अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था पैदल चलने वालों की सुविधा और यातायात जाम से बचाव के लिए लागू की गई है। उन्होंने लोगों और व्यापारियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।