डाइट अध्यापकों के लिए करवाएगा इंडक्शन कार्यक्रम
जिले के स्कूलों में तैनात किए जाएंगे 103 नए शिक्षक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। डाइट सोलन की ओर से नवनियुक्त जेबीटी शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। जिसमें 103 शिक्षक भाग लेंगे। इसमें डाइट सोलन की ओर से शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शिविर के दौरान बच्चों का शारीरिक, सामाजिक, भाषाई, बौद्धिक, भावनात्मक और सृजनात्मक विकास करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अध्यापकों द्वारा बच्चों के लिए शिक्षण सामग्री तैयार की जाएगी और बच्चों के साथ उसका उपयोग कैसे किया जाए, इस पर चर्चा की जाएगी। डाइट सोलन प्रिंसिपल डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि नवनियुक्त शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाने के अलावा स्कूल के अन्य प्रबंधन कार्यों में भी निपुण होंगे। इसके लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी। जिसमें सर्विस मेटर, पढ़ाने की नई तकनीक, स्कूल के नियमों, नशा, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य विषय पर स्रोत व्यक्ति प्रशिक्षण देंगे।