संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। ग्लेनमार्क फाउंडेशन ने सिविल अस्पताल बद्दी के सहयोग से वार्ड नंबर-2 में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में बद्दी ब्लॉक की 56 आशा वर्कर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ. कविता और सुपरवाइजर परवेश कुमारी ने अपने अनुभव साझा किए और माताओं एवं शिशुओं की देखभाल के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। डॉ. कविता ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु ही समाज की असली पूंजी हैं। आशा वर्कर्स के प्रयासों से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन मिल सकता है। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान आवश्यक जांचें, संस्थागत प्रसव का महत्व, नवजात शिशु की देखभाल और नियमित टीकाकरण पर विशेष रूप से जोर दिया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक माह आयोजित होने वाले आरोग्य शिविरों में सहयोग के लिए आईआरजी एनजीओ के परियोजना अधिकारी बलजिंद्र सिंह ने अपनी सहमति जताई। उन्होंने बताया कि ग्लेनमार्क फाउंडेशन की मोबाइल क्लीनिक किशनपुरा, संडोली, गुरुमाजरा और चैनलमाजरा में निर्धारित दिनों पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने आशा वर्कर्स से अनुरोध किया कि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस सुविधा के बारे में जागरूक करें ताकि लोग इसका लाभ उठा सकें।