प्रसाद चढ़ा और कंजिका पूजन के बाद लोगों ने खोले उपवास
मां शूलिनी मंदिर में सुबह 5:00 बजे से लगी रहीं भक्तों की कतारें
मंदिर में हुए भजन-कीर्तन, सुख-स्मृद्धि की कामना का लिया आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर भक्तों ने मां दुर्गा की पूजा की। इस दौरान जिलेभर के मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी रहीं। कंजिका पूजन कर लोगों ने उपवास खोले। सुबह से ही भक्तों ने कतारों में लगकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। अधिष्ठात्री मां शूलिनी मंदिर में भी भक्तजनों की काफी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर दिनभर जयकारों से गूंजता रहा।
दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले भक्तों ने मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। इसके अलावा शहर के मां दुर्गा मंदिर, मां शीतला माता मंदिर, मां काली माता मंदिर में भी खासी भीड़ देखी गई। अष्टमी पर मां शूलिनी मंदिर के कपाट सुबह 5:00 बजे भक्तों के लिए खुल गए। इसके बाद आरती और पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने मां शूलिनी के दर्शन किए। मंदिरों में भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना का आशीर्वाद लिया।
इनसेट
माता के जयकारों से भक्तिमय हुआ सुबाथू
सुबाथू (सोलन)। सुबाथू के आशापूर्णी मंदिर में नवरात्र पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंगलवार सुबह 4:00 बजे माता आशापूर्णी मंदिर से बाजार में प्रभातफेरी निकाली गई। भक्तों ने माता का गुणगान किया। उन्होंने आये तेरे नवरात्रे दातिये..., तूने मुझे बुलाया शेरांवालिये..., भोले की जय-जय..., पौड़ी-पौड़ी चढ़दा जा जय माता दी करदा जा... भजनों से माहौल भक्तिमय बना दिया।
इनसेट
मां मनसा माता मंदिर में रही भक्तों की भीड़
धर्मपुर (सोलन)। अष्टमी नवरात्र पर मां मनसा देवी मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही। डीएवी स्कूल धर्मपुर के विद्यार्थियों ने भी मंदिर में माथा टेका। इसके अलावा सनातन धर्म मंदिर में भी भक्तों की भीड़ लगी रही। संवाद
महिलाओं ने किया मां महिमा का गुणगान
कुनिहार(सोलन)। ग्राम पंचायत कोठी के गांव नमोल में सुप्रसिद्ध मंगला माता मंदिर में अष्टमी नवरात्र पर भक्तों का सैलाब उमड़ा। सुबह मंदिर में मां मंगला की पूजा-अर्चना की गई और सुख शांति व समृद्धि की कामना के साथ सभी ने हवन यज्ञ में भाग लिया।महिलाओं ने भजन कर मां की महिमा का गुणगान किया। कंजक पूजन के बाद भंडारा लगाया गया। संवाद
इनसेट
प्रभु राम, लक्ष्मण और हनुमान की निकाली झांकी
अर्की (सोलन )। शारदीय नवरात्र पर रामलीला क्लब बखालग की ओर से मंगलवार को प्रभु राम, लक्ष्मण, हनुमान की भव्य झांकी निकाली गई। क्लब के सदस्य पंकज, दीपक और इशु ठाकुर ने बताया कि झांकी बखालग से बातल घाटी चौक होते हुए अर्की तक निकाली गई।