स्कूल प्रबंधक की ओर से चयन परीक्षा की तैयारी की पूरी
80 सीटों के लिए 2406 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
जिले में 14 केंद्रों पर होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में छठी में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 11 अप्रैल को होगी। इसमें परीक्षा के लिए जिले भर में 14 केंद्रों को स्थापित किया गया है। स्कूल प्रबंधक की ओर से इस चयन परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने पंजीकरण नंबर और जन्म तिथि से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष सोलन जिले में नवोदय विद्यालय की 80 सीटों के लिए 2406 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इससे प्रतियोगिता कड़ी होने के आसार हैं। परीक्षा के लिए धर्मपुर, जाबली, कंडाघाट, सोलन, सुबाथू, अर्की, धुंधन, रामशहर, बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ (बालक व बालिका), पंजेहरा और पट्टा महलोग में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
कुनिहार नवोदया स्कूल के प्रधानाचार्य केके यादव ने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्देश दिएकि वे परीक्षा के दिन सुबह 10:30 बजे तक अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। परीक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश प्रवेश पत्र में दिए गए हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा छठी से जमा दो तक तक निशुल्क आवासीय शिक्षा दी जाती है। यहां विद्यार्थियों को आवास, भोजन, वर्दी, स्टेशनरी और खेलकूद की सुविधाएं भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाती हैं।