मेघालय के उमैम में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नौणी विवि के खाद्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनीषा कौशल ने मेघालय में सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार हासिल करके विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। डॉ. मनीषा को हाल ही में मेघालय के उमैम में कृषि विज्ञान में स्नातकोत्तर अध्ययन महाविद्यालय में पहाड़ी और पर्वतीय परिदृश्य में कृषि पर आयोजित अंतर राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान शोध पत्र प्रस्तुत करने के लिए सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति के लिए पुरस्कार दिया गया। सम्मेलन का आयोजन केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, इंफाल और इंडियन सोसाइटी ऑफ एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स, मुंबई द्वारा किया गया था। डॉ. मनीषा का पेपर अदरक, शहद और प्लम के पूरक चिकित्सीय संभावित कंफेक्शनरी उत्पादों का विकास विषय पर था, जिसे उन्होंने और डॉ. देविना वैद्य ने लिखा है। सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में 150 मौखिक प्रस्तुतियां और 88 पोस्टर प्रस्तुतियां हुईं। विश्वविद्यालय के कुलपति और विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने डॉ. मनीषा को उनकी जीत पर बधाई दी।