ग्राउंड रिपोर्ट
राष्ट्रीय खुंब मेले में 30 प्रकार की मशरूम समेत अन्य वस्तुओं की लगी प्रदर्शनी
डीएमआर के विशेषज्ञों ने किसानों को दी मशरूम की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राष्ट्रीय खुंब मेले के दौरान मशरूम प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें मशरूम और इससे तैयार किए उत्पादन प्रदर्शित किए गए। इसका शुभारंभ मुख्यातिथि सहायक महानिदेशक आईसीएआर डॉ. सुधाकर पांडेय ने किया, जबकि निदेशक डॉ. वीपी शर्मा विशेष रूप से शामिल रहे। प्रदर्शनी में एक लाख रुपये प्रति किलो बिकने वाली कॉर्डिसेप्स मीलिटेरिस मशरूम और हिरेशियम मशरूम से तैयार की गई डार्क चॉकलेट व गम्मी (च्यूंगम) आकर्षण का केंद्र रही। यह प्रदर्शनी लोगों को खूब भायी।
सुबह 9:00 बजे मेले को लेकर प्रदर्शनी सजनी शुरू हो गई। 10:28 बजे मुख्यातिथि प्रदर्शनी परिसर में पहुंचे, उन्होंने सबसे पहले डीएमआर की ओर से लगाई गई मशरूम समेत मशरूम से तैयार उत्पादनों की प्रदर्शनी में जानकारी हासिल की। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे तक प्रदर्शनी परिसर किसानों, विद्यार्थियों और विशेषज्ञों से फुल हो गया। इस बीच दिमागी शक्ति को तेज करने वाली एनोकी मशरूम भी आकर्षण का केंद्र बनी रही। किसानों ने प्रदर्शनी में लगी करीब 30 से अधिक प्रजातियों की मशरूम को देखा और जानकारी हासिल की। इसके अलावा शिटाके मशरूम, एक लाख रुपये प्रति किलो बिकने वाली कॉर्डिसेप्स मीलिटेरिस मशरूम की डीएमआर के विशेषज्ञों से खासियत जानने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। कॉर्डिसेप्स औषधीय मशरूम है। इसे तैयार करने के बाद सुखाकर बेचा जाता है। हालांकि हिमाचल में इसकी बहुत कम मार्केट है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इसकी काफी डिमांड रहती है। इसके अलावा प्रदर्शनी में गेनोडोरमा, हिरेशियम, शिटाखे, ऑस्टर, बटन, मशरूम सहित मशरूम से तैयार खाद्य वस्तुएं शामिल रहीं। इनमें अचार, मशरूम केक, मशरूम कैंडी, मशरूम ज्वार बिस्कुट समेत अन्य मशरूम के मूल्य संवर्धित उत्पाद शामिल रहे। इस मौके पर पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, छतीसगढ़, तमिलनाडू, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, गुजरात, चंडीगढ़, जम्मू-काश्मीर, मणिपुर सहित अन्य राज्यों के किसानों ने भाग लिया। इस दौरान खुंब निदेशालय के डॉ. बीएल अत्रि, डॉ. अनिल, डॉ. मनोजनाथ, डॉ. जगदीश समेत अन्य वैज्ञानिकों ने किसानों को प्रदर्शनी में लगी मशरूम समेत अन्य वस्तुओं के बारे में जानकारी प्रदान की।