अब तक 22 लाख 66 हजार 456 रुपये की संपत्ति को किया फ्रीज
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। बद्दी पुलिस में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत थाना नालागढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के पर्दाफाश किया है।
जानकारी के अनुसार 18 अगस्त को किरपाल गांव के सुरेश कुमार पिकअप से 28,140 लोमोटिल की प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गईं।
नालागढ़ के कालीबाड़ी गांव के वीर चंद, पुत्र पोहूलाल ने इन गोलियों की डील सुरेश कुमार से की थी। 15 अगस्त को 27,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर इस साजिश को अंजाम दिया गया। पिछले कुछ महीनों में वीर चंद ने सुरेश कुमार के खाते में कुल 3,55,502 रुपये ट्रांसफर किए थे, जिससे इनके गहरे रिश्तों का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया नालागढ़ शाखा से वीर चंद के खातों की जांच की, जिसमें 5,35,918 रुपये की शेष राशि और 17,30,538 रुपये की चार एफडी मिलीं। कुल मिलाकर 22,66,456 रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर दिया गया है।
एसपी इल्मा अफरोज ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि सुरेश कुमार ने इन नशीली गोलियों को उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से महावीर पुत्र कैलाश चंद से खरीदा था। 16 और 17 अगस्त को महावीर के खाते में 39,000 रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा 30 नवंबर 2023 से 17 अगस्त तक सुरेश कुमार ने कुल 4,23,060 रुपये ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने वीर चंद के बैंक खाते में जमा 22,66,456 रुपये को फ्रीज कर दिया है और इस नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचने के लिए अन्य विभागों से जानकारी इकट्ठा कर रही है। जल्द ही अन्य दोषियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।