पुराने बस अड्डे की दुकानें व कार पार्किंग हुई नीलाम
तरुणप्रीत सिंह ने 18.20 लाख में लिया नगर परिषद पार्किंग का ठेका
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नगर परिषद नालागढ़ के अधीन आने वाले पुराने बस अड्डे की कार पार्किंग सहित दुकानों की नीलामी कर दी गई है। इस बार की बोली में पिछले साल की अपेक्षा नगर परिषद को 40,500 रुपये का नुकसान हुआ है। परिषद के सभागार में आयोजित यह बोली नगर परिषद की अध्यक्ष वंदना बंसल की अध्यक्षता में हुई, जबकि बैठक में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा उपस्थित रहे। बैठक में उपाध्यक्ष तारा अवस्थी, पार्षद शालिनी शर्मा, रीना शर्मा, संजीव भारद्वाज, अल्का वर्मा, महेश गौतम, अमरिंदर भिंडर, सहर शर्मा, लिपिक अमृतलाल व संजीव कुमार आदि सहित बोलीदाता उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार नगर परिषद के तहत पुराने बस अड्डे में स्थित कार पार्किंग की नीलामी, फ्रूट शॉप, बेकरी स्टॉल, पान बीड़ी सिगरेट शॉप, जूस बार, चाय कैंटीन व दो दुकानों की नीलामी आमंत्रित की गई थी। परिषद सभागार में आयोजित बोली में पुराने बस अडडे की कार पार्किंग की नीलामी को 18,20,000 रुपये में तरुणप्रीत सिंह ने लिया है। चाय कैंटीन की बोली तरुण प्रीत सिंह ने 41.000 हजार में ली है। जूस बार मदन लाल ने 61.000 रुपये में लिया है। फ्रूट शॉप की बोली देवराज ने 38,000 रुपये में दी है। पान बीड़ी सिगरेट की दुकान की नीलामी ताज मोहम्मद ने 3,80,000 रुपये में दी है। बेकरी शॉप 14,400 रुपये की बोली देकर हुकम चंद ने ली। दुकान नंबर-36 की बोली 71,000 रुपये में प्रकाश ने दी। दुकान नंबर-37 की नीलामी पवना कुमारी के नाम रही उन्होंने 71,000 रुपये बोली देकर अपने नाम किया। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा ने बताया कि परिषद को इस बार की बोली से 40,500 रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस बार नियमों में तबदीली की गई है। बोलीदाता से शपथ पत्र लिया जाएगा। नियमों की अवहेलना करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।