ग्राम पंचायत शहरोल में क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
कोट का घाट खेल मैदान में एमपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन
विजेता को 31 व उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये दिया जाएगा नकद पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। ग्राम पंचायत शहरोल के तहत कोट का घाट खेल मैदान में आयोजित एमपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता में बखालग और नागड़ के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। इसमें नागड़ की टीम ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। 38 रन की नाबाद पारी खेलने वाले यश को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस दौरान मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा मौजूद रहे। प्रतियोगिता में अर्की के युवा नेता शशिकांत गौतम मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि समाजसेवी अश्वनी कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर शशिकांत गौतम ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए ग्राम पंचायत शहरोल को क्रिकेट किट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को नशे और गलत रास्तों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। 18 जनवरी से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। यह क्रिकेट प्रतियोगिता ग्राम पंचायत शहरोल की ओर से आयोजित की जा रही है, जिसमें युवा क्लब के जितेंद्र, भूपेंद्र, मनोज, मुकेश, विशाल, जैनेश, गौरव और हनी का विशेष योगदान रहा।