अन्य बकायेदारों को भी नोटिस
आठ उपभोक्ताओं से वसूलने हैं 1.93 लाख रुपये, लंबे समय से जमा नहीं किए बिल
शहर के 1,383 डिफॉल्टरों पर 3.20 करोड़ रुपये बकाया, अब तक एक करोड़ की रिकवरी
निजी और सरकारी उपभोक्ता दोनों निगम की कार्रवाई के दायरे में
अब तक नगर शहर में 97 काटे जा चुके कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अच्छा-खासा वेतन लेने के बावजूद सरकारी आवासों में रहने वाले कई उपभोक्ता लंबे समय से पानी के बिल जमा नहीं कर रहे हैं। ऐसे डिफॉल्टरों के खिलाफ नगर निगम सोलन ने सख्ती शुरू कर दी है। निगम की टीम अब तक वार्ड-10 स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में आठ सरकारी आवासों के पानी के कनेक्शन काट दिए हैं। इन उपभोक्ताओं से 1.93 लाख रुपये की बकाया राशि वसूलनी है। अन्य डिफॉल्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।
निगम के अनुसार, आठ उपभोक्ताओं में से एक पर 62,556 रुपये, दूसरे पर 10,184 रुपये, तीसरे पर 23,458 रुपये, चौथे पर 8,011 रुपये, पांचवें पर 17,003 रुपये, छठे पर 37,631 रुपये, सातवें पर 22,458 रुपये और आठवें पर 11,990 रुपये बकाया हैं। इन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से पानी के बिल जमा नहीं करवाए थे। अब निगम की टीम घर-घर जाकर बकाया बिलों की वसूली के लिए कनेक्शन काट रही है।
प्रदेश सरकार की ओर से आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी कई उपभोक्ता पानी के बिलों का भुगतान नहीं कर रहे हैं। निगम ने अन्य सरकारी आवासों में रहने वाले डिफॉल्टरों को भी नोटिस जारी किए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि बकाया बिल जमा नहीं करवाने पर उनके पानी के कनेक्शन भी काट दिए जाएंगे।
शहर में कट चुके 97 कनेक्शन
नगर निगम सोलन की टीम शहर के सभी वार्डों में अब तक पानी के 97 कनेक्शन काट चुकी है। इनमें निजी और सरकारी उपभोक्ताओं के कनेक्शन शामिल हैं। निगम के अनुसार, इस कार्रवाई से बकाया बिलों की वसूली में तेजी आई है और अब तक करीब एक करोड़ रुपये की रिकवरी हो चुकी है। शहर में करीब 1,383 डिफॉल्टर हैं, जिनसे कुल 3.20 करोड़ रुपये वसूलने हैं।
पानी के बिलों के डिफॉल्टरों के खिलाफ अभियान जारी है। लंबे समय से बिल जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। सरकारी आवासों में रहने वाले आठ कर्मचारियों के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। अन्य डिफॉल्टरों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
-सुषमा शर्मा, महापौर, नगर निगम सोलन