वार्डों में 23500 घर, कूड़े के बिल केवल दे रहा 19 हजार, अब चालान करने की तैयारी
हाऊस टैक्स के लिए बनी 13415 लोगों की आईडी, भुगतान कर रहे सिर्फ 7800 लोग
हाउस टैक्स, कूड़े का बिल पेयजल कनेक्शन से जोड़ेंगे, बिल नहीं दिया तो कटेगा कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नगर निगम कूड़ा बिल और हाउस टैक्स जमा न करने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। लंबे समय से भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के चालान किए जाएंगे। निगम का फोकस ऐसे उपभोक्ताओं पर है, जिन्होंने वर्षों से बिल और टैक्स जमा नहीं करवाया है।
नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा ने बताया कि शहर में करीब 23,500 घर हैं, जबकि 19,540 उपभोक्ताओं के कूड़ा बिल बने हैं। करीब 4,000 से 4,500 उपभोक्ता निगम कार्यालय में पंजीकृत नहीं हैं। इन उपभोक्ताओं ने पिछले आठ वर्षों से कूड़ा बिलों का भुगतान नहीं किया है, जबकि वे कूड़ा उठाने की सुविधा का लाभ ले रहे हैं। निगम ने ऐसे घरों की पहचान कर जल्द चालान वसूलने की चेतावनी दी है।
वहीं, हाउस टैक्स के लिए शहर में 13,415 उपभोक्ताओं की आईडी बनी हुई है, लेकिन केवल 7,800 उपभोक्ता ही टैक्स जमा कर रहे हैं। करीब 5,600 उपभोक्ताओं ने अब तक हाउस टैक्स नहीं दिया है। इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बिल जमा न करने पर कटेंगे पानी के कनेक्शन
नगर निगम कूड़ा बिल और हाउस टैक्स को पानी के कनेक्शन से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। लंबे समय से बिल और टैक्स जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। हाउस टैक्स की करीब पांच करोड़ रुपये की राशि बकाया है।
पानी के बिलों की 1.05 करोड़ की रिकवरी
पानी के बिलों के डिफॉल्टरों पर भी निगम की सख्ती जारी है। निगम की टीम घर-घर जाकर डिफॉल्टरों के कनेक्शन काट रही है। अब तक करीब 70 कनेक्शन काटे जा चुके हैं और 1.05 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई है। पानी के बिलों की कुल बकाया राशि 3.22 करोड़ रुपये है। कुछ उपभोक्ताओं पर तीन लाख रुपये तक की राशि बकाया थी, जिसका भुगतान उन्होंने दो किश्तों में किया है।