3.20 करोड़ रुपये की कुल राशि बकाया, अब तक हुई महज 63 लाख की वसूली
1383 उपभोक्ताओं को भेजे गए थे नोटिस, वार्ड 5 में हुई सबसे बड़ी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नगर निगम ने लंबे समय से पानी का बिल जमा न करने वाले डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निगम की विशेष टीमों ने विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर पानी के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के तहत अब तक शहर में 31 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। इनमें अकेले वार्ड नंबर 5 में सबसे ज्यादा 25 कनेक्शन काटे गए हैं, जबकि वार्ड नंबर 11 में पांच और वार्ड नंबर 10 में एक कनेक्शन काटा गया है।
नगर निगम की पानी के बिलों की कुल 3.20 करोड़ रुपये की राशि बकाया है। इसके एवज में अब तक केवल 63,70,213 रुपये की ही वसूली हो सकी है। बकाया राशि जमा कराने के लिए निगम प्रशासन ने शहरभर में 1,383 उपभोक्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। नोटिस मिलने के बाद भी कई भवन मालिकों ने बिलों का भुगतान करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
नोटिस के तहत उपभोक्ताओं को सात दिन की अंतिम मोहलत दी जा रही है। तय समय सीमा में बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने के साथ-साथ भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी गई है। कुछ उपभोक्ताओं के बिल पिछले आठ महीनों से लंबित हैं, जिससे निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वार्डवार स्थिति और बकाया का आंकड़ा
कुल बकाया राशि: 3.20 करोड़ रुपये
अब तक हुई वसूली: 63.70 लाख रुपये
कुल जारी नोटिस: 1,383 उपभोक्ता
अब तक काटे गए कनेक्शन: 31
वार्ड नंबर 5: 25 कनेक्शन
वार्ड नंबर 11: 5 कनेक्शन
वार्ड नंबर 10: 1 कनेक्शन
कोट
यह अभियान उन उपभोक्ताओं के खिलाफ लगातार जारी रहेगा, जो लंबे समय से पानी के बिलों का भुगतान नहीं कर रहे हैं। फिलहाल तीन वार्डों में कार्रवाई की गई है। जल्द ही अन्य वार्डों में भी अभियान चलाया जाएगा। किसी भी तरह की जानकारी या समाधान के लिए उपभोक्ता नगर निगम कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। - ई. अल्पना ठाकुर, एसडीओ, नगर निगम सोलन