उपायुक्त कार्यालय सोलन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करने सांसद
उपायुक्त कार्यालय सोलन में दिशा बैठक में सुरेश कश्यप ने की विकास कार्यों की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में सड़कों को पक्का करने के काम अधूरे होने पर सांसद सुरेश कश्यप ने अधिकारियों पर सवाल खड़े किए। कहा कि जिले में सड़कों का 30 से 40 प्रतिशत तक काम अधूरे रहने के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बारिश शुरू होने के कारण सड़कों पर टारिंग का काम नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा यदि सड़कों पर मेटलिंग का काम करें, तो बारिश के कारण वह भी खराब हो जाती है।
उपायुक्त कार्यालय सोलन में वीरवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया। शिमला लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने इस बैठक में बतौर अध्यक्ष शिरकत की। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के एक साल के कार्यकाल के दौरान चलाई गई योजनाओं से लोगों को मिले लाभ की समीक्षा की। इस दौरान जलशक्ति विभाग की रिपोर्ट में बताया गया कि विभाग की ओर से जल जीवन मिशन योजना के तहत जिला सोलन में 101 योजनाएं स्वीकृत की गई है। वहीं कृषि विभाग की ओर से जिला सोलन में 7230 लाभार्थियों के मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं। इसके अलावा समग्र शिक्षा अभियान के तहत वित्त वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री श्री के अनर्तगत विद्यालयों में पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, शौचालय, जिम व मैदान निमार्ण कार्यों पर लगभग 2 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले में 259 मकान स्वीकृत किए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) व 2.0 के तहत 133 मकान स्वीकृत किए गए हैं। बैठक में नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा, महाप्रबंधक उद्योग सुरेंद्र ठाकुर, अधीक्षण अभियंता जलशक्ति विभाग संजीव सोनी, जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।