क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में स्तनपान पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माता को फल व अ
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन ने मंगलवार को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के महिला वार्ड में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वार्ड में मौजूद गर्भवती और धातृ माताओं को स्तनपान के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने की।
डॉ. पाठक ने कहा कि जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना और शिशु को पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना उसके स्वस्थ विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता और मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मां का पहला पीला दूध (कोलोस्ट्रम) शिशु के लिए पहले टीके की तरह काम करता है और उसे कई गंभीर संक्रमणों से सुरक्षा देता है।
कार्यक्रम में बताया कि नियमित स्तनपान से शिशुओं में कुपोषण, दस्त और निमोनिया जैसी बीमारियों का खतरा कम होता है। वहीं, माताओं को भी प्रसव के बाद स्वास्थ्य लाभ में मदद मिलती है और स्तन कैंसर के जोखिम को कम करने में योगदान हो सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती और धातृ माताओं के साथ उनके परिजनों को भी शिशु के समुचित पोषण और स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र और डॉ. राजू कटोच सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।