दूसरी बार निर्विरोध मिली लीग के अध्यक्ष पद की कमान
कैप्टन राकेश उपाध्यक्ष, सूबेदार मेजर मस्तराम चुने सचिव, कुनिहार में हुए भारतीय पूर्व सैनिक लीग जिला इकाई के चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। भारतीय पूर्व सैनिक लीग जिला सोलन इकाई के चुनाव चौधरी कांप्लेक्स कुनिहार में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया की अध्यक्षता कैप्टन रणधीर सिंह कंवर ने की। चुनाव में भारतीय पूर्व सैनिक लीग धर्मशाला की ओर से नियुक्त चुनाव अधिकारी एवं पर्यवेक्षक कैप्टन परमजीत सिंह, सब मेजर प्रेम सिंह, राइजिंग मेजर रामा नंद की देखरेख में संपन्न हुए। इसमें समस्त लीग की अलग-अलग यूनिटों से लगभग 62 सदस्यों ने हिस्सा लिया। सूबेदार दुनीचंद ने सूबेदार मेजर मोहन लाल शर्मा का नाम अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया, जिसका अनुमोदन नेकराम ने किया और सबने इसका समर्थन किया और इस तरह सूबेदार मेजर मोहन लाल शर्मा को निर्विरोध लीग की जिला सोलन इकाई का अध्यक्ष चुना गया। इसी तरह कैप्टन राकेश कुमार को उपाध्यक्ष व सूबेदार मेजर मस्तराम वर्मा को निर्विरोध इकाई सचिव बनाया गया। नव नियुक्त इकाई अध्यक्ष सूबेदार मेजर मोहन लाल शर्मा ने कहा कि उन्हें दूसरी बार इकाई की जिम्मेवारी मिली है, जिसे वह बखूबी निभाएंगे। वीर सैनिकों, वीर नारियों व उनके परिवारों के साथ इकाई हर समय खड़ी रहेगी।