ईएसआईसी बद्दी में करवाया आपदा जागरूकता अभ्यास
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने भी किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम के क्षेत्रीय कार्यालय (ईएसआईसी) में आपदा जागरुकता अभ्यास आयोजित किया गया। इसमें राष्ट्रीय आपदा मोचक बल, गृह रक्षक विभाग 11वीं वाहिनी, पुलिस विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन की टीम मौजूद रही। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय यादव ने की। उन्होंने बताया कि आपदा जागरुकता अभ्यास के दौरान स्थानीय नागरिकों, राज्य बीमा निगम के क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपदा से निपटने के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास समय-समय पर करवाए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिक आपदा से निपटने के प्रति सचेत रहें। राष्ट्रीय आपदा मोचक बल की टीम ने बताया कि आपदा जागरुकता अभ्यास का उद्देश्य मानवीय क्षति को कम करना और बहुमूल्य संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित बनाना है। जिले की भौगोलिक परिस्थितियां प्राकृतिक आपदाओं के दृष्टिगत संवेदनशील हैं।