सोलन में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए हुई मॉक ड्रिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार रात एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। ऐतिहासिक ठोडो मैदान और उससे सटे वार्ड सात के नगर निगम भवन में आयोजित इस मॉक ड्रिल का केंद्र एयर रेड (हवाई हमला) और बमबारी जैसे आपातकालीन हालात रहे।
तय योजना के अनुसार, रात ठीक 8:30 बजे जवाहर पार्क में अलार्म बजाकर पूरे क्षेत्र को अलर्ट किया गया। इसके तुरंत बाद वार्ड में 15 मिनट का नियंत्रित ब्लैक आउट 8:30 से 8:45 बजे तक किया गया, ताकि यह देखा जा सके कि हमले की स्थिति में अंधेरे के बीच राहत कार्य कैसे संचालित किए जाते हैं। इस अभ्यास में पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस और आपदा मित्र के सदस्यों ने हिस्सा लिया। आपदा प्रबंधन कार्यालय में मुख्य कंट्रोल रूम और घायलों के लिए अस्पताल में एक समर्पित मेडिकल कंट्रोल रूम बनाया गया। गृहरक्षा 11वीं वाहिनी के आदेशक संतोष शर्मा ने बताया कि वर्तमान में 1200 वॉलंटियर तैयार हैं, जिसे 2029 तक 5500 करने का लक्ष्य है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभ्यास केवल तैयारियों को सुदृढ़ करने के लिए था। आदेशक संतोष शर्मा ने जनता से अपील की कि वे ऐसी स्थितियों में घबराएं नहीं, बल्कि प्रशासन का सहयोग करें ताकि वास्तविक आपदा के समय जान-माल का नुकसान कम से कम हो।