विधायक सुल्तानपुरी ने किए एक करोड़ के शिलान्यास, जाबली पंचायत में भी सुनी स्थानीय लोगों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने मंगलवार को एक करोड़ की लागत से दो संपर्क मार्गों और एक पटवार सर्कल के भवन का शिलान्यास किया। इसमें धर्मपुर बाईपास व शील्ड पठिया से टिकटहट्टी सड़क शामिल है। इसके अलावा जाबली में पटवार सर्कल का शिलान्यास किया। यहां फोरलेन की जद में आने से पटवार सर्कल का भवन नहीं था और लोग परेशान हो रहे थे, लेकिन अब लगभग 31 लाख रुपये की लागत से यहां पर नया पटवार सर्कल भवन बनेगा। इस दौरान विधायक ने जाबली पंचायत के लोगों की मौके पर समस्या सुनी। लोगों ने जाबली में पुलिस चौकी खोलने की बात विधायक के सामने रखी। जिस पर विधायक ने जल्द इस मामले में मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उपायुक्त मनमोहन शर्मा, एसडीएम कसौली नारायण चौहान, एपीएमसी के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, एपीएमसी के सदस्य महेश गुप्ता, तहसीलदार जगपाल सिह, नायब तहसीलदार खेमचंद, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गुरमीत सिह, सहायक अभियंता विशाल भारद्वाज, जाबली के पूर्व प्रधान गणेश दत, प्रकाश चंद और सुनील कुमार मौजूद रहे।