रामशहर (सोलन)। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप बावा ने मंगलवार को ग्राम पंचायत रामशहर का दौरा किया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों और अधिकारियों के साथ बैठक की। ग्रामीणों ने सड़क, पानी और सफाई सहित कई समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का विधायक ने आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने विशेष रूप से रामशहर क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा उठाया। विधायक ने आश्वासन दिया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से इन सड़कों को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। बैठक में रामशहर बस अड्डे पर सार्वजनिक शौचालय की खराब स्थिति पर भी चर्चा हुई। विधायक ने इसके सुधार के लिए पंचायत को 5 लाख रुपये की राशि जल्द उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अधिकारी ईश्वर दास शर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। रामशहर पंचायत के अलावा आसपास की कई अन्य पंचायतों के प्रधान और प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से विधायक को अवगत करवाया।