नालका पंचायत के घरेड में पात्र किसानों को कृषि उपकरण वितरित करते हुए विधायक राम कुमार चौधरी- स्
दून के विधायक राम कुमार ने दी साैगात, कहा, नालका पंचायत में 1.25 करोड़ का करवाए गए विकास कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। दून के विधायक राम कुमार ने नालका पंचायत के घरेड़ में पात्र किसानों को कृषि उपकरण वितरित किए। आधुनिक कृषि उपकरण खेती को अधिक सरल, प्रभावी और उत्पादक बनाते हैं। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन और लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि वाटरशेड परियोजना के तहत क्षेत्र के 13 गांवों के पात्र लाभार्थियों को लगभग 16 लाख रुपये की लागत से 171 स्प्रे पंप, 200 पाइप रोल और 235 अन्य कृषि उपकरण वितरित किए गए हैं। तीन साल के दौरान नालका पंचायत में लगभग 1 करोड़ 25 लाख 42 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकासात्मक कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांगों के अनुसार घरेड़ से दिला राम के घर तक इंटरलॉक टाइल निर्माण कार्य के लिए 1.50 लाख रुपये, गटीवाला एक्खू के लिए इंटरलॉक टाइल निर्माण कार्य के लिए 1.50 लाख रुपये, लैहद दीवटी लिंक रोड पर पुली निर्माण के लिए 1 लाख रुपये, बड़ोवा सड़क पर पुली निर्माण के लिए 1 लाख रुपये, गांव जोहड़ का हाड़ा से सीलधार सड़क पर दो पुलिया निर्माण के लिए 1 लाख रुपये, मुख्य सड़क से गांव खनेई सड़क पर पुली निर्माण के लिए 75 हजार रुपये और इंटरलॉक टाइल कार्य निर्माण के लिए 1 लाख रुपये, किरपा राम संपर्क मार्ग पर पुली निर्माण कार्य के लिए 1 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप सिंह, नालका के पूर्व प्रधान प्रेम, रामलाल, पूर्व वार्ड पंच प्रताप, पूर्व प्रतिनिधि तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।