1582 वर्करों काे ऑनलाइन दिया प्रशिक्षण, खाना बनाने के लिए टिप्स
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के 1,582 मिड-डे-मील वर्करों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में खाना बनाने समेत अन्य कई प्रकार के टिप्स दिए गए। सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण के तरीकों के बारे में भी विभाग की ओर से जानकारी दी गई। वर्करों को प्रशिक्षण देने का उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक और गुणवत्ता से भरपूर भोजन प्रदान करना है।
ऑनलाइन प्रशिक्षण के दौरान उप जिला शिक्षा अधिकारी राज कुमार पराशर ने केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि वर्कर वास्तव में बैठक में उपस्थित हैं या नहीं। इसकी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को सौंपी गई। वर्करों को इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग एंड न्यूट्रिशन, कुफरी की ओर से प्रशिक्षण दिया गया। ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए स्कूलों में केंद्र बनाए गए, जिनसे वर्कर कार्यक्रम में जुड़े। प्रशिक्षण में स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही कुकिंग करते समय एप्रन, टोपी और चप्पल के प्रयोग के बारे में बताया गया।
ऑनलाइन प्रशिक्षण में राशन सामग्री के भंडारण के बारे में जानकारी दी गई। जिन जगहों में सीलन आती है, वहां राशन का भंडारण नहीं किया जाए। फोर्टिफाइड चावल, तेल और नमक के बारे में भी जानकारी दी गई।
मिड-डे-मील बनाने वाले वर्करों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों को साफ और पौष्टिक भोजन मिले, इसके लिए उन्हें प्रशिक्षित किया गया।
-मोहिंदर चंद पिरटा, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक, सोलन