सोलन। कोविड के बीच पांचवीं से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई स्कूलों में शुरू हो गई है लेकिन विद्यार्थियों को मार्च माह में भी मिड-डे मील नहीं परोसा जाएगा। इस माह भी जिला सोलन के 49653 विद्यार्थियों को कच्चा राशन ही दिया जाएगा। यह निर्णय प्रदेश सरकार की ओर से कोविड के बीच सुरक्षा को लेकर लेकर 31 मार्च तक लिया गया है। आगामी आदेशानुसार अप्रैल माह से बच्चों को मिड-डे मील परोसा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार जिला सोलन में पहली से पांचवीं कक्षा तक कुल 30505 और छठी से आठवीं तक 19148 विद्यार्थी हैं। जिन्हें पिछले कई माह से कच्चे राशन सहित पकाने का खर्च भी दिया जा रहा है। पहली से पांचवीं कक्षा तक एक विद्यार्थी को प्रतिदिन के हिसाब से 100 ग्राम चावल और 4.97 रुपये, छठी से आठवीं तक 150 ग्राम चावल और 7.45 रुपये पकाने की राशि दी जा रही है। इसमें पूरे माह का राशन और पकाने की राशि एक साथ विद्यार्थियों को दी जाएगी। राशन के लिए विद्यार्थियों की सूची आला अधिकारियों को भेज दी है।
31 मार्च तक मिलेगा कच्चा राशन : जसवाल
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक रोशन जसवाल ने कहा कि इस माह भी विद्यार्थियों को कच्चा राशन और पकाने की राशि प्रदान की जाएगी। प्रदेश सरकार की ओर से 31 मार्च तक स्कूलों में मिड-डे मील परोसने पर रोक लगाई है। सरकार के आगामी आदेशानुसार ही विद्यार्थियों मिड-डे मील दिया जाएगा।