परवाणू में एमएसएमई की बैठक में मौजूद अधिकारी व अन्य सदस्य। संवाद
एमएसएमई के सहायक निदेशक में बैठक में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। परवाणू में लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के लिए केंद्र सरकार द्वारा एक्सटेंशन सेंटर खोलने की योजना है। यह जानकारी एमएसएमई चंबाघाट से सहायक निदेशक अशोक गौतम ने परवाणू के उद्योग संघ के कार्यालय में हुई बैठक में दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से जॉब के लिए एक नई स्कीम निकाली गई और इसके लिए सरकार द्वारा 10 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल यह सेंटर परमाणू, ऊना और कांगड़ा में खोले जा रहे हैं जिनके लिए जगह सुनिश्चित कर ली गई है। जल्द ही यहां पर मशीन लगाकर सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के लिए जॉब वर्क शुरू किया जाएगा। बताया कि सरकार की ओर से पूरे देश में इस तरह का सेंटर खोलने की योजना है। अशोक ने बताया कि इन सेंटरों में लघु उद्योग की मांग के अनुसार जॉब वर्क किया जाएगा और ट्रेनिंग भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि परवाणू के कई लघु उद्योगों एवं सूक्ष्म उद्योगों को जॉब वर्क के लिए चंडीगढ़ या दिल्ली तक जाना पड़ता था। परंतु इस केंद्र के खुलने से उन्हें समस्या से निजात मिल जाएगी।
बैठक में सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के लिए सरकार द्वारा जारी की गई अन्य स्कीम के बारे में भी बताया गया। बैठक में उद्योग संघ के महासचिव सार्थक तनेजा, आईसीसी से गगन कपूर लघु उद्योग भारती की ओर से प्रमोद शर्मा सचिन गोयल जगदीप व अन्य लोग मौजूद रहे।