अर्की छात्र स्कूल में वार्षिक समारोह के दौरान कार्यक्रम की प्रस्तुति देते विद्यार्थी। स्त्रोत
विद्यार्थियों ने दी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (छात्र) अर्की का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में उच्चतर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. जगदीश चंद नेगी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आगाज दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के साथ हुआ। इसके बाद स्कूल और क्लस्टर स्कूलों के छात्रों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लोक नृत्य और देश भक्ति गीतों पर छात्रों के प्रदर्शन ने पंडाल में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूल प्रबंधन ने मुख्य अतिथि को हिमाचली परंपरा के अनुसार शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। उन्होंने वर्ष भर की शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों का ब्योरा दिया। साथ ही उन्होंने मुख्य अतिथि को स्कूल प्रबंधन के सामने आ रही कुछ समस्याओं से भी अवगत कराया और उनके समाधान की मांग रखी। मुख्यातिथि डॉ. जगदीश चंद नेगी ने अपने संबोधन में छात्रों को कड़ी मेहनत करने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।