अर्की में मानव कल्याण समिति ने आयोजित किया सम्मान समारोह
बीआर शर्मा मेमोरियल पुरस्कार से विद्यार्थियों को समिति ने नवाजा
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। मानव कल्याण समिति ने 14वें वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों व खिलाड़ियों समेत सामाज में बेहतर कार्य कर रहे लोगों को नवाजा। कार्यक्रम गोरक्षक सभा सामुदायिक भवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान राजिंद्र गौतम, उपप्रधान रोशनलाल वर्मा, समिति के संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा व पूर्व प्रधान मनोहर लाल ने की। समारोह में अर्की क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए बातल निवासी, राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त पुष्पेंद्र कौशिक, मूर्तिकार जगत राम, गांव कोलका के स्वर्ण पदक विजेता राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी कुलवंत सिंह व अर्की में 40 से अधिक प्रसव करवा चुके ईएमटी पराग वर्मा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सत्र 2023-24 में सरकारी स्कूलों में तहसील स्तर पर जमा दो की परीक्षा में ईशा, गौरव शर्मा, नेहा व भारती, मैट्रिक परीक्षा में राहुल, भारती व मयंक को पुरस्कार दिया गया। वहीं, समिति के प्रथम सचिव स्व. भवेशीराज शर्मा की पुण्य स्मृति में आशा शर्मा की ओर से छात्राओं के लिए घोषित बीआर शर्मा मेमोरियल पुरस्कार मीनाक्षी, राशि आंचल व हिमाक्षी को दिया गया। इनके अलावा विशिष्ट व्यक्तियों, चिकित्सा शिविरों में निस्वार्थ सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वयंसेवियों को भी सम्मानित किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत किए गए। महासचिव राजेश कपाटिया ने बताया कि वर्ष 2010 में स्थापित यह समिति अपने ही संसाधनों से हर वर्ष अर्की के दूर दराज क्षेत्रों में निशुल्क चिकित्सा शिविर, स्कूलों में नशा विरोधी कार्यक्रम व सामान्य जागरूकता कैंप आदि आयोजित करती है। समिति के संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा ने जानकारी दी कि समिति अब तक अठारह चिकित्सा शिविर आयोजित कर चुकी है। प्रधान राजिंदर गौतम ने युवा पीढ़ी को नशाखोरी से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि समिति भी अपने स्तर पर दुर्व्यसनों के प्रति जागरूकता के लिए अपने अभियान में तेजी लाएगी।