बच्चों को स्कूल भेजना हुआ मुश्किल, लोग घरों में रहने को मजबूर
संवाद न्यूजएजेंसी
कसौली (सोलन)। गड़खल गांव और किम्मूघाट क्षेत्र में लंगूरों और बंदरों के आतंक से स्थानीय लोग दहशत में हैं। हाल ही में एक बंदर के हमले से एक युवती गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसे गंभीर फ्रैक्चर हुए हैं। इससे ग्रामीण घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
इलाके में एक खूंखार लंगूर राहगीरों और मवेशियों पर हमला कर रहा है। गड़खल गांव की एक युवती पर बंदर ने हिंसक हमला किया था। हमले से घबराकर युवती संतुलन खो बैठी और खाई में जा गिरी। इस हादसे में युवती की टांग और बाजू में गंभीर फ्रैक्चर आया है, जिसके बाद डॉक्टरों को प्लास्टर चढ़ाना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि इस खौफ के कारण बच्चों को स्कूल भेजना और महिलाओं का घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। शाम ढलते ही लोग घरों में दुबक जाते हैं। खेतों में काम करना और रास्तों पर चलना भी खतरनाक हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से तुरंत पिंजरे लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंगूर और बंदरों के डर से बच्चों को स्कूल भेजने में परेशानी हो रही है। महिलाएं भी घर से बाहर निकलने से कतरा रही हैं। खेतों में काम करना और रास्तों पर चलना भी जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की अपील की है।
वन विभाग की रेंज ऑफिसर नीलम ने बताया कि विभाग को कई शिकायतें मिली थीं। विभाग की टीम ने हमलावर लंगूर को चिह्नित करने का प्रयास किया, लेकिन वह दिखाई नहीं दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अभी भी पैनी नजर रखी जा रही है। लंगूर के दोबारा सक्रिय होने पर शिमला से विशेषज्ञ टीम बुलाकर उसे सुरक्षित पकड़ा जाएगा।