सोलन में सदस्यता अभियान के दौरान व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
गुटों में बंटे व्यापार मंडल के एक धड़े ने जोर-शोर से सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। अब कारोबारी इस पशोपेश में है कि आखिर वह किस गुट के साथ चलें। एक तरफ जहां व्यापार मंडल के प्रधान कुशल जेटी और कोर ग्रुप को पांच साल की एक्सटेंशन मिल चुकी है वहीं इस कोर ग्रुप ने काम करना भी शुरू कर दिया है। अब समानांतर व्यापार मंडल भी सक्रिय है।
वीरवार को व्यापार मंडल के एक धड़े ने सदस्यता अभियान के तहत सदस्यों का पंजीकरण किया। पंजीकरण करने वाले व्यापार मंडल का कहना है तय समय पर आम सभा की बैठक का आयोजन करके चुनाव की तिथि तय की जाएगी। संवैधानिक चुनाव के बाद ही व्यापार मंडल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिव की ताजपोशी होगी। समानांतर खड़े किए व्यापार मंडल द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान में स्थानीय दुकानदारों का बढ़चढ़ कर भाग लेने का दावा हो रहा है।
कहा जा रहा है कि इस व्यापार मंडल का कुनबा पांच सौ से अधिक हो चुका है। इसके साथ ही व्यापार मंडल के चुनाव लड़ने के इच्छुक दुकानदारों ने भी कार्यकारिणी के सदस्यों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। नए व्यापार मंडल के प्रेस सचिव भानु वर्मा ने बताया कि कारोबारियों की चुनाव लड़ने की इच्छा को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि इस बार शहर में व्यापार मंडल का चुनाव विशाल रूप में होगा। इसके साथ ही मंडल द्वारा सदस्यता के लिए सलोगड़ा, रबौन से आंजी, दयोघाट, सुबाथू रोड़, शामती काली माता मंदिर तक, टैंक रोड पर स्थित फारेस्ट आफिसर कालोनी से लेकर जौणाजी रोड स्थित पुलिस चौकी से एक किलोमीटर का दायरा, कथेड़ बाई-पास, सब्जी मंडी, चंबाघाट से सलोगड़ा तक शामिल किया है। कारोबार करने के लिए सरकार द्वारा लाइसेंस प्राप्त दुकानदारों को सदस्यता दी जाएगी। बताया कि शहर के पुराने और स्थायी व्यापारी भी मंडल की सदस्यता ले सकते हैं।