कंडाघाट में भूतपूर्व सैनिक लीग की बैठक में मौजूद सदस्य। संवाद
पूर्व सैनिक लीग संघ की कंडाघाट इकाई ने मनाया चौथा स्थापना दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट (सोलन)। पूर्व सैनिक लीग संघ की कंडाघाट इकाई ने रविवार को चौथा स्थापना दिवस मनाया। बैठक की अध्यक्षता इकाई के अध्यक्ष नायक देव प्रकाश ने की, जबकि जिला अध्यक्ष सुबेदार मेजर सचिदानंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर संघ की ओर से पिछले चार वर्षों में किए गए कार्यों की जानकारी साझा की गई। बैठक में यह भी बताया गया कि संघ का उद्देश्य देश सेवा और भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए संगठन को मजबूत करना है। बैठक में सभी सदस्यों ने एकमत होकर प्रस्ताव पारित किया कि देश में किसी भी प्राकृतिक आपदा या किसी भी अन्य आपदा के समय संघ बचाव और सहायता के लिए हमेशा तैयार रहेगा। साथ ही, समारोह में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी गई और बताया गया कि इन सुविधाओं को प्राप्त करने के लिए दस्तावेजों की तैयारी कैसे करनी है। एक अन्य प्रस्ताव में देश में नशे के प्रचलन पर चिंता जताई गई और निर्णय लिया गया कि संघ के सदस्य अपने परिवार और आसपास के युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर शहीद रोशन लाल की वीर नारी सावित्री और सैन्य काल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य सैनिकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ब्लॉक इकाई के सामुदायिक भवन के लिए सरकारी भूमि प्रदान करने की मांग प्रदेश सरकार से की गई। समारोह में जिला सोलन सैनिक संघ की सभी ब्लॉक इकाइयों के अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य, कंडाघाट इकाई के 75 सदस्य और वीर नारियां उपस्थित रहे।