हरियाणा और पंजाब के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक की देखरेख में हुए चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम पेंशनर एसोसिएशन के चुनाव में सेवानिवृत्त सहायक निदेशक देवव्रत यादव को अध्यक्ष और मस्तराम को महासचिव चुना गया। ईएसआईसी के हाल में आयोजित चुनाव हरियाणा और पंजाब के निगम के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक आरके नरूला के देखरेख में कराए गए। अध्यक्ष पद के लिए नूतन ने देवव्रत यादव का नाम रखा, जिसका बिहारी लाल ने समर्थन किया। सचिव पद के लिए देवव्रत यादव ने मस्तराम का नाम प्रपोज किया, जिसका आरके कक्कड़ ने समर्थन किया। किसी का नाम सामने न आने पर दोनों को सर्वसम्मति से दो साल के लिए चुना गया। इसके अलावा आरके कक्कड़ को उपप्रधान, बिहारी लाल को सचिव व अमीचंद को कोषाध्यक्ष चुना गया। अशिता को कार्यकारिणी में शामिल किया गया। निगम के संयुक्त निदेशक धर्मवीर सिंह और उपनिदेशक कर्णपाल ने सदस्यों का स्वागत किया।
नव निर्वाचित अध्यक्ष देवव्रत यादव ने कहा कि जल्द ही पेंशनरों का प्रतिनिधिमंडल पारस अस्पताल को पैनल में शामिल करने के लिए क्षेत्रीय निदेशक से मिलेगा। आने वाले समय में सभी पेंशनरों को ऐसे अस्पताल की जरूरत पढ़ सकती है। उन्होंने दोबारा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने पर सभी सदस्यों को आभार जताया। इस मौके पर नूतन, सविता, बृज किशोर आदि उपस्थित रहे।