नालागढ़ (सोलन)। उपमंडल के अंतर्गत तहसील बद्दी में रेलवे लाइन के लिए अधिग्रहित की गई भूमि के मालिकों की बैठक पांच जुलाई को सुबह 11 बजे निमंत्रण पैलेस बद्दी में की जाएगी। एसडीएम नालागढ़ की अध्यक्षता में होने जा रही बैठक में रेलवे लाइन निर्माण के लिए अर्जित भूमि के मालिकों से मुआवजा राशि के भुगतान पर चर्चा की जाएगी।
तहसीलदार मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि गांव केंदुवाल, लंडेवाल, बद्दी, शीतलपुर, कल्याणपुर, चक जंगी, बिल्लांवाली गुजरां, संडोली, सूरजमाजरा लबाना और हरिपुर संडोली गांव में रेलवे लाइन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहित की गई है।
कोरोना महामारी के प्रकोप के चलते भूमि मालिकों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने गांव में पंचायती राज संस्थाओं के किसी एक प्रतिनिधि की अध्यक्षता में अधिकतम 10 सदस्यीय कमेटी का गठन कर बैठक में भाग लें।