सोलन। नए साल के पहले दिन सोलन नगर निगम ने सप्ताह के छह दिन गीला और कूड़ा उठाने की मुहिम शुरू कर दी है। शुक्रवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों से गीला कचरा एकत्रित किया गया। हालांकि पहले दिन सिर्फ 50 फीसदी लोगों ने ही इस मुहिम में अपना सहयोग दिया जबकि अन्य लोगों को तय समय के अनुसार कूड़ा देने के लिए जागरूक भी किया। चार दिन के बाद यदि तय दिन और समय के अनुसार सूखा और गीला कचरा नहीं दिया तो नगर निगम कार्रवाई शुरू कर देगा। इसमें जुर्माने का प्रावधान भी रखा गया है।
जानकारी के अनुसार सप्ताह में छह दिन सभी वार्डों से कूड़ा उठाया जाएगा। रविवार को सभी सफाई कर्मचारियों का अन्य कर्मियों की तरह अवकाश रहेगा। सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग दिन एकत्रित किया जाएगा। सप्ताह के चार दिन सोमवार, बुधवार, वीरवार और शनिवार को गीला जबकि मंगलवार और शुक्रवार को गीला कूड़ा एकत्रित किया जाएगा। वहीं शहर में रोज सुबह 9 से 12 बजे तक सूखा और शाम साढ़े पांच से साढ़े सात बजे तक गीला कूड़ा एकत्रित किया जाएगा।
इस तरह होगा गीले-सूखे कचरे का वर्गीकरण
गीले कचरे में रसोई का वेस्ट, सब्जी फल-छिलके, पकाया बचा खाना, अंडे के छिलके, चिकन, मछली और हड्डियां, सड़े गले फल-सब्जियां, इस्तेमाल टिशू पेपर, चाय बैग, चाय पत्ती, भोजन के लिए प्रयोग की पत्तल, नारियल का खोल, उद्यान अपशिष्ट, पूजा के फूल, मालाएं और घास शामिल है। सूखे कचरे में प्लास्टिक कवर बोतलें, बक्से, चिप्स, टॉफी रैपर, दूध, दही के पैकेट, धातु के कैन, पुराने कपड़े, प्रसाधन सामग्री, लकड़ी के टुकड़े, कागज, गत्ते के बक्से, स्टेशनरी, टेट्रा पैक, पेपर कप और प्लेट शामिल होंगे।
लोगों को किया जा रहा जागरूक
नगर निगम सोलन के आयुक्त प्रशांत सरकेक ने बताया कि कूड़ा इकट्ठा करने की नई योजना के तहत कार्य शुरू कर दिया है। पहले दिन कम लोगों ने दिन के अनुसार कूड़ा डाला है। अन्य लोगों को निगम के कर्मचारी इश्तहार से जागरूक भी कर रहे हैं।