पत्नी को कमरे में बंद कर आत्महत्या का मामला बनाने की थी कोशिश
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कुछ ही घंटों में सुलझा दी हत्या की गुत्थी
आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कुठाड़ की नवविवाहिता सुमन के हाथों से अभी मेहंदी का रंग उतरा भी नहीं था कि पति ने मामूली कहासुनी में गला रेत कर हत्या कर दी। सुमन विवाह नवंबर 2025 में हुआ था। शादी को सिर्फ तीन माह ही हुए थे। शनिवार को आपसी बहसबाजी और कहासुनी में उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। आरोपी ने 38 वर्षीय सुमन को कमरे में बंद कर इस मामले को गुमराह करने की भी कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया। इसमें आरोपी पति 43 वर्षीय चत्तर सिंह को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद सोमवार को उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन की पुलिस रिमांड पर ले लिया है। अब पुलिस आरोपी से हत्या के कारणों की पूछताछ करेगी। इससे पहले पुलिस ने ससुराल और मायके पक्ष के परिजनों के बयान भी लिए हैं। इसमें भी पुलिस को कई बातें पता चली हैं। हालांकि अभी पुलिस इसका खुलासा नहीं कर रही। इस संबंध में जांच जारी है। पुलिस जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी कुठाड़ में सूचना मिली थी कि चत्तर सिंह की 38 वर्षीय पत्नी सुमन ने उसपर चाकू से हमला कर दिया है। इसके बाद उसने ने अपने आप को कमरे में बंद कर लिया है, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ ओर ही देखा। इसमें चत्तर सिंह नहीं बल्कि उसकी पत्नी सुमन का शव खून से लतपथ व गले पर तेजधार हथियार का घाव पाया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते घटना स्थल पर फॉरेंसिक एक्सर्ट टीम को बुलाया गया था। वहीं मौके से तेजधार हथियार चाकू व एक कैंची को भी कब्जे में लिया गया था। इस वारदात में पुलिस ने पति को दोषी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। हालांकि अभी पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। इसमें भी मामले को लेकर कई खुलासे होने की उम्मीद है।