नालागढ़ में एचआरटीसी के पेंशनर बैठक में भाग लेते हुए- स्रोत- पेंशनर
नालागढ़ में एचआरटीसी पेंशनरों की बैठक वित्तीय लाभ, लंबित एरियर देने की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। एचआरटीसी सेवानिवृत्त कल्याण मंच की नालागढ़ इकाई की बैठक में 1 जनवरी 2016 से पेंशनरों को वित्तीय लाभ देने की मांग की गई। नालागढ़ के दुर्गा माता मंदिर में कार्यकारी अध्यक्ष नंदलाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। नंदलाल ने कहा कि अप्रैल की 13 तारीख हो गई है, लेकिन अभी तक पेंशनरों को मार्च की पेंशन नहीं मिली है, जिसके चलते पेंशनरों में रोष व्याप्त है। उन्होंने कामगारों के लंबित एरियर व वित्तीय लाभ जारी करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से मेडिकल बिलों के लिए बजट का प्रावधान नहीं हो पाया है। मेडिकल बिलों का भुगतान न होने से पेंशनर उपचार नहीं कर पा रहे। बैठक में प्रस्ताव पारित करके मेडिकल बिलों के लिए बजट का प्रावधान करने की मांग की है। इसमें 65, 70 व 75 साल पूरा करने वाले पेंशनरों को 5, 10 व 15 फीसदी पेंशन वृद्धि करने की मांग की। सभी विभागों में पेंशनरों को एरियर की किस्त जारी कर दी गई, लेकिन एचआरटीसी के पेंशनरों की यह किस्त जारी नहीं हो पाई है। पेंशनरों ने अन्य विभागों के तहत 50 हजार रुपये की किस्त जारी करने की मांग की है। उधर, मंच के कार्यकारी अध्यक्ष नंद लाल ने कहा कि वर्ष 2024 व 25 में सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को अभी तक पेंशन का लाभ नहीं मिला है। इनकी पेंशन लगाने की मांग की है। 3 फीसदी डीए का भुगतान भी पेंशनरों को करने की मांग रखी। बैठक में बाबू राम, गुरमुख सिंह, ओंकार सिंह, केवल कृष्ण, रविंद्र कुमार, रोशन लाल, सिकंदर सिंह, भीम सिंह, रामलोक, गुरदर्शन सिंह, लाल सिंह, नंदलाल, कमल कुमार, व्यास देव, कर्मचंद, बुद्धि राम, धर्मपाल, दलीप सिंह ध्यान चंद उपस्थित रहे।