नालागढ़ (सोलन)। बीबीएन के एक नामी स्कूल की बच्ची से बस चालक के दुष्कर्म दुराचार करने के मामले में हरियाणा पुलिस स्कूल प्रबंधन और निजी स्कूल बसों के ठेकेदारों से पूछताछ करेगी। हालांकि इस मामले के संज्ञान में आने के बाद हरियाणा पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। वह बीबीएन का ही रहने वाला है जिसने बच्ची को स्कूल वैन में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसका पता शाम को उसकी मौसी को चला जब बच्ची को शौच जाने में दिक्कत हुई। यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया और बच्ची का मेडिकल करवाने के बाद दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूल बस में महिला सेविका भी नहीं थी। हालांकि दुष्कर्म की यह घटना बीबीएन से सटे पड़ोसी राज्य हरियाणा की सीमा में हुई। पीड़ित बच्ची हरियाणा के मढ़ांवाला चौकी के तहत रहती है जो बद्दी से करीब दो तीन किलोमीटर दूरी पर ही है। पीड़ित की मौसी के मुताबिक, घटना के दिन बच्ची को वैन से वापस देरी से छोड़ा गया।
शाम को बच्ची के पेट में दर्द होने पर उससे पूछा तो घिनौनी वारदात का पता चला। इस स्कूल यह मामला पहला नहीं है। इससे पहले स्कूल की एक शिक्षिका ने तत्कालीन प्रधानाचार्य पर अश्लील बातें करने और वीडियो दिखाने के आरोप भी लगाए थे। बच्ची के साथ दुष्कर्म की अब हरियाणा पुलिस बद्दी आकर स्कूल प्रबंधन और निजी स्कूल बस के ठेकेदार से पूछताछ करेगी।
पंचकूला (हरियाणा) के डीसीपी कमलदीप गोयल ने कहा कि पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस जांच के दौरान तथ्यों के आधार पर स्कूल प्रबंधन और निजी स्कूल बस के ठेकेदार से भी पूछताछ करेगी। उन्होंने कहा कि स्कूल बस में महिला अटेंडेंट न होने और ड्राइवर के बैक ग्राउंड के बारे में भी पूछताछ करेगी।