सोलन में ऑनलाइन कंपनी में खाना डिलीवरी का काम करता था बिहार का विनोद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के रबौण इलाके में रहने वाले बिहार के एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी बॉय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 31 अक्तूबर को छाती में दर्द की शिकायत के बाद वह काम छोड़कर कमरे पर लौट आया था। रात में साथी ने जब उसे जगाने की कोशिश की, तो वह अचेत मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले में जांच जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से सपरून पुलिस चौकी को सूचना मिली कि उदय विहार से एक व्यक्ति को उपचार के लिए लाया गया है, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विनोद कुमार शाह (43), पुत्र राम अयोध्या शाह, निवासी गांव रघुनाथपुर, जिला पूर्वी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। विनोद रबौण में अपने एक साथी के साथ किराए के कमरे में रहता था और दोनों स्विगी/जोमैटो जैसी ऑनलाइन कंपनियों में डिलीवरी का काम करते थे। पुलिस जांच में पता चला कि 31 अक्टूबर को विनोद का साथी काम पर चला गया था,जबकि विनोद शाम के समय काम पर गया था। कुछ देर बाद विनोद यह कहकर वापस कमरे पर लौट आया था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और छाती में दर्द हो रहा है। रात के समय जब उसका साथी कमरे में पहुंचा, तो विनोद बेड पर सोया हुआ था। साथी ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। साथी ने तुरंत विनोद के भाई को सूचित किया, जो उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से सोलन अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि मामले में धारा 194 बीएनएसएस 2023 के तहत आगामी कार्रवाई की जा रही है।