संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला। बरोटीवाला में एक प्रवासी व्यक्ति ने अपने घर में पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक सन्नी सिंह (37) पुत्र नेत्र सिंह, बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बरोटीवाला में रह रहा था। उसकी पत्नी कंपनी में काम करती थी, जबकि सन्नी सिंह समोसे की रेहड़ी लगाता था, लेकिन अपनी कमाई शराब पर खर्च करता था। पुलिस के अनुसार घटना से पहले सन्नी सिंह और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। उसने अपने बच्चों और पत्नी को कमरे से बाहर निकाल दिया और कमरे में जाकर टीवी की आवाज तेज कर दी। इसी दौरान उसने पंखे में फंदा लगा लिया। पत्नी ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं खुला। जब उसने जोर लगाया, तो दरवाजा खुला और देखा कि सन्नी सिंह पंखे में लटका हुआ था। पत्नी ने तुरंत अपने परिजनों को बुलाया और बरोटीवाला पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सन्नी सिंह को पंखे से नीचे उतारा। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।