पहले से पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने की कार्रवाई
इस मामले में पुलिस 20 ग्राम से अधिक चिट्टा कर चुकी है बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/परवाणू। नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम में सोलन पुलिस की एसआईयू टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चिट्टे के साथ गिरफ्तार किए चंडीगढ़ के तस्कर की निशानदेही पर पंजाब से मुख्य सप्लायर को दबोच लिया है। पुलिस ने मामले में अब तक कुल 20.47 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब गुप्त सूचना के आधार पर एसआईयू टीम ने परवाणू की टर्मिनल मार्केट में दबिश दी। वहां पुलिस ने 22 वर्षीय दक्ष निवासी राम दरबार, चंडीगढ़ को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10.47 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन की रिमांड पर लिया, जहां पूछताछ में मुख्य सप्लायर का नाम सामने आया। आरोपी दक्ष ने बताया कि उसने यह खेप पंजाब के सतनाम सिंह से खरीदी थी। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर मुख्य सप्लायर सतनाम सिंह (28) निवासी जिला फाजिल्का, पंजाब को मोहाली से गिरफ्तार कर लिया। सतनाम की तलाशी लेने पर उसके पास से भी 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आदतन अपराधी है सतनाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य सप्लायर सतनाम सिंह आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पंजाब के डेराबस्सी में भी चिट्टा तस्करी का मामला दर्ज है। पुलिस अब सतनाम के रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह यह खेप कहां से लाता था और हिमाचल में उसके संपर्क किन-किन लोगों से हैं।
कोट
एनडीपीएस एक्ट के तहत बैकवर्ड लिंकेज पर काम करते हुए पंजाब से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। नशा माफिया के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों का सहारा ले रही है।
-गौरव सिंह, एसपी, सोलन