एम पॉक्स को लेकर जिलेभर के अस्पतालों में अलर्ट जारी
संबंधित लक्षणों को नजर अंदाज न करने का किया आग्रह
विदेश से आने वालों पर नजर रखेगा जिला स्वास्थ्य विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शरीर में गिल्टियां, तेज बुखार, दर्द समेत अन्य लक्षण आ रहे हैं तो उसे हल्के में न लें। इन लक्षणों के आने पर तुरंत चिकित्सक के पास उपचार के लिए पहुंचे। इन दिनों एम पॉक्स को लेकर जिले के अस्पतालों में अलर्ट जारी कर दिया है। चिकित्सक, नर्स और पेरामेडिकल स्टाफ को एम पॉक्स को लेकर कमर कसने के लिए कहा है। साथ ही जिले के पांचों चिकित्सा खंड में दवाओं और अन्य चीजों का कोटा पूरा करने के लिए भी कहा है।
वहीं, अस्पतालों में संबंधित लक्षणों के मरीज के तुरंत सैंपल लेकर जांच के आदेश दिए हैं। इनकी ट्रेवल हिस्ट्री का भी पता लगाने के लिए कहा है। जबकि विदेश से आने वाले लोगों पर भी जिला स्वास्थ्य विभाग नजर रखेगा। एमपॉक्स को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने भी टीम का गठन कर दिया है। टीम घरद्वार पर लोगों को सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) के माध्यम से जागरूक करेगी। हालांकि जिलेभर में अभी तक एक भी मामला सामने नहीं आया है।
गौर रहे कि देशभर में एम पॉक्स के मामले आना शुरू हो गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार एम पॉक्स एक वायरल संक्रमण है। यह वायरस पीड़ित व्यक्ति की चपेट में आने से फैलता भी है। इसके मामले न आए इसे लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां भी पूरी कर ली हैं।
इनसेट
एम पॉक्स के लक्षण
एम पॉक्स संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने या सीधे संपर्क से फैलता है। एम पॉक्स के कारण दाने, लिंफ नोड्स में सूजन, तेज बुखार, मांसपेशियों में दर्द और अन्य लक्षण हो सकते हैं। एम पॉक्स के कुछ प्रकार गंभीर बीमारी का कारण बन सकते हैं। करीब पहले चार दिन तेज बुखार रहता है।
इनसेट
ऐसे फैलती है यह बीमारी
एम पॉक्स किसी संक्रमित व्यक्ति के काफी करीब आने पर फैलता है। मान लें कि आप संक्रमित मरीज की त्वचा को छू लें। शारीरिक संबंध बना लें, संक्रमित इंसान के बिस्तर पर लेट जाएं या उसके कपड़ों का इस्तेमाल कर लें। देर तक आमने-सामने बात करने से भी एम पॉक्स वायरस एक से दूसरे इंसान में जा सकता है।
इनसेट
क्षेत्रीय अस्पताल में एम पॉक्स को लेकर सभी चिकित्सकों को आदेश दिए हैं कि मरीजों के संबंधित लक्षण होने पर तुरंत टेस्ट करवाएं। इसी के साथ सभी व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। लोगों से आग्रह है कि अगर एम पॉक्स से संबंधित कोई भी लक्षण दिखाई दे तो तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।
-डॉ. संदीप जैन
कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन
इनसेट
जिलेभर में एएम पॉक्स को लेकर अस्पताल में अलर्ट किया गया है। सभी अस्पतालों में दवाएं और आवश्यक खेप पूरी करने के आदेश दिए हैं ताकि कोई भी दिक्कत न आए। इसी के साथ जिलेभर में एम पॉक्स को लेकर लोगों को भी जागरूक करने के लिए आईईसी की जा रही है।
-डॉ. राजन उप्पल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोलन