खिचड़ी का बांटा परोसा लंगर
गुरुद्वारे में दो दिवसीय लोहड़ी मेला संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। दून विस क्षेत्र के हरिपुर गुरुद्वारे में दो दिवसीय लोहड़ी मेला संपन्न हो गया। दूसरे दिन गुरुद्वारे में मेले में पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। पहले दिन बाहरी राज्यों के लोगों ने गुरुद्वारा में माथा टेका जबकि दूसरे दिन स्थानीय लोगों ने शीश नवाया।
मेले के लिए पंजाब और हिमाचल से अतिरिक्त बसें चलाई गईं। ज्यादातर लोग अपने वाहनों से पहुंचे। मंगलवार सुबह से बाहरी राज्यों से आए लोग खिचड़ी का प्रसाद खाने के बाद अपने-अपने घरों को लौट गए। स्थानीय लोगों को भी यहां पर भीड़ रही। श्रद्धालुओं के लिए लंगर लगाए गए। इसमें दूध, चाय, पकौड़े, जलेबी, आलू की टिक्की, बर्गर और दाल-चावल परोसे गए।
मेले में आने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक वन वे किया गया। एक ओर से बरोटीवाला की ओर से वाहन जा रहे थे और कोटला की ओर से वापस आ रहे थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच दर्जन पुलिस जवान तैनात थे। जेब कतरों से बचने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। पुलिस सहायता कक्ष भी मेले के दौरान खोला गया था।
बरोटीवाला के थाना प्रभारी चमन लाल ने बताया कि मेला शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। लोगों ने पंक्तिबद्ध होकर दर्शन किए। उसके बाद भंडारे का भी आनंद लिया। मेले के दौरान किसी की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।