विद्यार्थियों ने तनाव रहित परीक्षा की तैयारी करने के बारे में जाना
राज्यपाल भी विद्यार्थियों के साथ कार्यक्रम सुनने अर्की स्कूल पहुंचे
विद्यार्थियों से कहा प्रधानमंत्री की सीख को हमेशा याद रखें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का प्रसारण जिले के कई स्कूलों में दिखाया गया। इस कार्यक्रम में सोलन के सेंट ल्यूक्स स्कूल की छात्रा दसवीं की कनिका ने भाग लिया है। इस स्कूल में भी परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम दिखाया गया। इसके अलावा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने भी अर्की उपमंडल के तहत स्वर्गीय कैप्टन विजयंत थापर राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया। राज्यपाल ने यहां विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से सुना।
इस अवसर पर, राज्यपाल ने विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री द्वारा परीक्षा और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए दिए गए मार्गदर्शन को सदैव स्मरण रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह मार्गदर्शन उन्हें विपरीत परिस्थितियों में चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देगा। राज्यपाल ने कहा कि आत्मविश्वास और आत्मबल के माध्यम से ही जीवन में परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा की आत्मविश्वास जीवन में कठिन लक्ष्य को प्राप्त करने की कुंजी है और छात्रों को सदैव संयम और साहस के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के साथ हमेशा संवाद बनाए रखें। इस मौके पर सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, उपमंडलाधिकारी अर्की यादविंदर पाल, उप-निदेशक उच्च शिक्षा जगदीश नेगी, स्वर्गीय कैप्टन विजयंत थापर राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य बिमला वर्मा, शिक्षक समेत अन्य छात्र एवं छात्राएं इस अवसर पर उपस्थित थे।
इनसेट
बच्चों ने जानी तनाव रहित परीक्षा की तैयारी
बद्दी(सोलन)। बीबीएन के सभी स्कूलों में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से परीक्षा पर चर्चा का सीधा प्रसारण दिखाया गया। जिसमें सभी स्कूलो के बच्चों ने काफी रूचि दिखाई। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुरा में प्रधानाचार्य अदित कंसल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने तनाव रहित रहकर परीक्षा की तैयारी कैसे करें इसके बारे में जाना ।
साथ ही विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की ओर से पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के नरेंद्र मोदी ने दिए गए उत्तर सुने जिन्हें सुनकर विद्यार्थियों का आगामी परीक्षा को लेकर मनोबल बढ़ा। परीक्षा पे चर्चा के दौरान शैक्षणिक स्टाफ से रवि प्रकाश, मुक्ता, सीमा, याचना, रीना, सुखदेव,, रणदीप, पायल, कमलेश, समारोह का हिस्सा रहे। वहीं बद्दी में प्रधानाचार्य रामलाल, खेड़ा में अज्ञत ठाकुर, नालागढ़ में प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह, भाटिया में पूनम ठाकुर, बघेरी में सरोज चांगरा के नेतृत्व में बच्चों ने सीधा प्रसारण देखा।