सोलन शहर में में माल रोड पर हुई खूनी झड़प में पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार
शराब के ठेके पर हुई थी कहासुनी, मालरोड पहुंचते ही सरेआम हुई दोनों में खुनी झड़प
माल रोड स्थित आनंद कॉम्प्लेक्स और कन्या स्कूल के मुख्य द्वार के समीप का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र माल रोड पर वीरवार देर रात एक खूनी झड़प का मामला सामने आया है। शराब के ठेके पर कहासुनी के बाद दो युवकों ने जान से मारने की नीयत से सेल्समैन के सिर पर बेलचे से तीन-चार वार करके जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बेलचा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस थाना सदर सोलन में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना वीरवार रात करीब 9:50 बजे आनंद कॉम्प्लेक्स के पास घटी। ठेका शराब पराशर हॉल में कार्यरत सेल्समैन विरेंद्र ठाकुर ने शिकायत में बताया कि कांगड़ा तहसील खुंडियां निवासी सेल्समैन पंकज कुमार शर्मा पुत्र विक्रम सिंह के साथ दो युवकों की किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान आरोपी पंकज चीनटा पुत्र बीजा राम निवासी गांव खडान डाकघर हरिपुरधार सिरमौर ने सेल्समैन पंकज कुमार शर्मा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। आरोपी का साथी और 23 वर्षीय अभिषेक कुमार पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी गांव खडान डाकघर हरिपुरधार सिरमौर उसके साथ था।
घटना के तुरंत बाद घायल सेल्समैन को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। शुक्रवार को स्टेट फॉरेंसिक साइंस लैब जुन्गा की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की।
इनसेट
दोनों आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेश
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोलन पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों 22 वर्षीय पंकज चीनटा पुत्र बीजा राम और 23 वर्षीय अभिषेक कुमार पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी गांव खडान डाकघर हरिपुरधार सिरमौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। शुक्रवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
इनसेट
माल रोड पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर के प्रमुख माल रोड पर आनंद कॉम्प्लेक्स के पास हुई खूनी झड़प से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। रात को वारदात के बाद पुलिस ने मौके को पूरी तरह सील कर दिया था। शुक्रवार को फॉरेंसिक टीम के बारीक निरीक्षण और साक्ष्य जुटाने के बाद ही रास्ते को आम लोगों की आवाजाही के लिए खोला गया। दिनभर माल रोड पर पुलिस टीमों की हलचल देख लोग सहमे नजर आए। इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोलकर रख दी है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि शहर में 24 घंटे गश्त रहती है और घटना के समय टीम रेलवे ट्रैक की ओर पेट्रोलिंग पर थी। एएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि गश्त को और मजबूत किया जाएगा।