पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर के फॉरेस्ट रोड पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फॉरेस्ट रोड स्थित एक किराये के कमरे में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम को फॉरेस्ट रोड पर एक किराये के कमरे में अवैध शराब होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने बताए गए कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से कुल 15 पेटियां शराब बरामद की गईं, जिनमें 14 पेटी देसी और एक पेटी अंग्रेजी शराब शामिल है। मौके पर मौजूद व्यक्ति की पहचान सुदर्शन थापा के रूप में हुई है। सुदर्शन मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और वर्तमान में सोलन में मुख्य डाकघर के समीप किराये के कमरे में रह रहा था। आरोपी शराब के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सका। एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि सुदर्शन थापा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके विरुद्ध पहले भी पुलिस थाना सदर सोलन में जानलेवा हमले का एक मामला दर्ज है।