रोहांज-जलाना पंचायत में बतीवां गांव में दोपहर का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। उपमंडल अर्की के रोहांज-जलाना पंचायत के बतीवां गांव में बुधवार दोपहर एक तेंदुए ने बाइक सवार पर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, चालक ने सतर्कता और समझदारी दिखाते हुए अपनी जान बचा ली। बतीवां निवासी प्रदीप शर्मा ने बताया कि वह दोपहर करीब 3:40 बजे अर्की से अपने घर लौट रहे थे। घर से लगभग 200 मीटर पहले अचानक एक तेंदुआ सड़क पर आ गया और बाइक की ओर झपटा। तेंदुआ करीब 100 मीटर तक बाइक के पीछे दौड़ा, लेकिन उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ाई और खुद को बचाया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस मार्ग पर तेंदुआ दिखाई दिया, वहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम लोगों और स्कूली बच्चों की आवाजाही रहती है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में जल्द पिंजरा लगाने की मांग की है। वन परिक्षेत्राधिकारी अर्की अशोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम जल्द ही मौके का निरीक्षण कर तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखेगी और आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से विशेष सतर्कता बरतने तथा बच्चों को अकेले सुनसान रास्तों पर न भेजने की सलाह दी है।