लोगों में दहशत,वन विभाग से की तेंदुए को पकड़ने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। सोलन जिले के रौड़ी गांव में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव में रात के समय तेंदुए के हमले की दो घटनाओं के बाद लोग डर के साए में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। प्रभावित किसान सभा के अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले रात करीब 10 बजे बाइक पर जा रहे एक व्यक्ति पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अगले ही दिन रात लगभग 10 बजे तेंदुए ने गांव के घरों के नजदीक से एक कुत्ते को उठा लिया। इन घटनाओं के बाद ग्रामीण रात के समय घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। जगदीश शर्मा ने डीएफओ कुनिहार को मामले की जानकारी देते हुए तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में फैल रहे भय के बारे में अवगत कराया और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई कर तेंदुए को पकड़ने की मांग की। डीएफओ कुनिहार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वन विभाग एक-दो दिनों के भीतर आवश्यक कदम उठाएगा। ग्रामीणों ने भी वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।