भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुआ कंडाघाट के कल्होग स्कूल का भवन। संवाद
कल्होग स्कूल भवन क्षतिग्रस्त होने से रही विद्यार्थियों की छुट्टी
स्कूलों ने स्थिति को देखते बुलाई विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/कंडाघाट। जिले में बारिश के बाद खुले स्कूलों में अध्यापकों के आने के बाद नुकसान का पता चल रहा है। कंडाघाट के कल्होग स्कूल भवन पर भूस्खलन होने से लेंटर टूट गया है। वहीं भवन में कई जगह दरारें भी आ गई हैं। इसे देखते हुए स्कूल में बुधवार को छुट्टी रही। इसी के साथ गौड़ा स्कूल पर भी बिजली का खंभा गिर गया है। इससे स्कूल को काफी क्षति हुई है। इसी के साथ स्कूल में कंप्यूटर समेत अन्य कोई कार्य करने में भी दिक्कत आ रही है। बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए स्कूल की ओर से विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक भी बुलाई गई।
गौर रहे कि बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद स्कूल बंद थे। जिन्हें मंगलवार को खोला गया। अवकाश के बाद खुले कल्होग स्कूल की भी हालत काफी खराब दिखाई दी। भूस्खलन के बाद अब भवन असुरक्षित भी लग रहा है। जिसे देखते हुए स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता कुमारी ने एसएमसी की बैठक बुलाई और उच्चाधिकारियों समेत प्रशासन को स्कूल की खस्ता हालत के बारे में सूचना दी। एसएमसी ने फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से भवन में कक्षाएं न लगाने का फैसला लिया है। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने बुधवार को बच्चों की छुट्टी कर दी। स्कूल में शैक्षणिक कार्य बंद हो गया।
वही बारिश से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गौड़ा में भी काफी नुकसान हुआ है। विद्यालय की प्रधानाचार्य संतोष कुमारी ने विद्यालय प्रबंधन समिति की आपातकालीन बैठक बुलाई। बैठक में बारिश से हुए नुकसान पर चिंता जताई गई। स्कूल के साथ जमीन धंसने से दोपहर के भोजन के लिए बनाई गई पाकशाला गिरने के कगार पर है। स्कूल भवन के पीछे मलबा गिरने से विद्यालय के भवनों को भी खतरा उत्पन्न हो गया है।
भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुआ कंडाघाट के कल्होग स्कूल का भवन। संवाद