शिलला परवाणू राजमार्ग पर चल रहे फोरलेन निर्माण के कारण दत्यार गांव के समीप भारी लैंड स्लाइड हुआ है। इसके कारण राजमार्ग करीब 1 घंटे तक बंद रहा। हादसे में किसी भी प्रकार के जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि इससे सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस जाम में न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल भी काफी समय तक फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह 8 बजे फोरलेन के निर्माणकार्य के दौरान जाबली पंचायत के दत्यार गांव के समीप खुदाई का काम चल रहा था। एकदम से ऊपर से पहाड़ नीचे ढह गया। इसके कारण सड़क बंद रही। उधर, डीएसपी प्रमोद चौहान ने कहा कि मलबे को हटाकर यातायात सुचारु कर दिया गया। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान खुदाई केे समय मलबा गिरा है। वहीं फोरलेन निर्माता कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्ट देवशिश पात्रा ने कहा कि नियमों को ध्यान में रखते हुए सड़क की कटिंग का कार्य किया जा रहा है।