कर्मचारी राज्य बीमा निगम के क्षत्रीय प्रबंधक कर्नल मनजीत शहीद ताराचंद की प्रतिमा को सलामी देते
बद्दी के खेड़ा चक गांव में शहीद सूबेदार तारा चंद स्मृति प्रो कबड्डी प्रतियोगिता शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। खेड़ा चक गांव में शहीद सूबेदार तारा चंद की स्मृति में आयोजित प्रो कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को हुआ। कार्यक्रम के मुख्यातिथि कर्मचारी बीमा निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक कर्नल मंजीत कटोच ने ध्वजारोहण कर खेलों की शुरुआत की। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन मैच में खेड़ा ए ने माजरी को हराकर जीत दर्ज की। इसके अलावा चंडीगढ़ ने मजफरनगर, कोहूनर अकादमी ने सनेड़, यूपी की शामली टीम ने चंडीगढ़ और पंजाब के नकोदर ने हरियाणा के मंगोली को हराया। वहीं रोहतांवाला की टीम ने खेलो इंडिया सेंटर राजपूरा को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। कर्नल कटोच ने शहीद तारा चंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सलामी दी। उन्होंने जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान का नारा बुलंद करते हुए खेलों के महत्व पर जोर दिया। क्लब अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा।